इंदौर: क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में आगे की कड़ी जोड़ते हुए खाचरौद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर इंदौर में पकड़े गए दो आरोपियों को 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फहीम खान और शेख खां को पकड़ा है।
अब ड्रग्स के मुख्य स्रोत और आगे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्राइम ब्रांच एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि 19 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने एमआर-04 रोड स्थित शीलनाथ आश्रम के सामने साकिर और मोहम्मद अली को बजाज पल्सर से जाते समय पकड़ा था। तलाशी में उनके पास 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी। पूछताछ के दौरान दोनों से ड्रग्स की पिछली सप्लाई के बारे में जानकारी ली गई।
तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में भी खाचरौद से कड़ी जुड़ने की बात सामने आई। इसके बाद टीम ने खाचरौद में दबिश देकर फहीम खान और शेख खां को पकड़ा। पुलिस के अनुसार फहीम सातवीं तक पढ़ा है और ड्राइवर है, जबकि शेख पांचवीं तक पढ़ा है और पत्थर लगाने का काम करता है। मामले में दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है।
