9.98 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया आरयूबी, दरा नाल में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

कोटा, (वार्ता) केंद्र सरकार ने कंवलपुरा और दरा रेलवे स्टेशनों के बीच आर्च ब्रिज संख्या 148 के पास नया रेलवे अंडरपास (आरयूबी) बनाने की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से केंद्र सरकार की इस स्वीकृति से अब कोटा-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर दरा घाटी में वर्षों से बनी यातायात जाम की समस्या का समाधान हो जायेगा। इस परियोजना का कार्य पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा डिपॉजिट वर्क के रूप में किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परियोजना के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 9.98 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। आरयूबी का निर्माण कोटा- झालावाड़ सेक्शन के किलोमीटर 297.7 पर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर किया जाएगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और इसे तय समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दरा नाल में लंबे समय से यातायात जाम की समस्या रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इस दबाव को कम करने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में नई सड़क की योजना पर भी विचार हुआ था। हालांकि परियोजना दीर्घकालिक समाधान के रूप में उपयुक्त थी लेकिन इसमें अधिक समय लगने के कारण तात्कालिक राहत के लिए आरयूबी को प्राथमिकता दी गई।

श्री बिरला ने इस प्रस्ताव पर संबंधित मंत्रालयों एवं रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार संवाद कर इसे स्वीकृति दिलाई। यह नया आरयूबी कोटा और झालावाड़ के बीच यातायात को सुगम बनाएगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बड़ी राहत प्रदान करेगा।

 

Next Post

अब्दुल्ला अबूबकर ने एक सेंटीमीटर के अंतर से जीता ट्रिपल जंप का खिताब

Tue Aug 5 , 2025
अल्माटी (कजाकिस्तान) (वार्ता) पूर्व एशियन चैंपियन भारतीय एथलीट अब्दुल्ला अबूबकर ने मात्र एक सेंटीमीटर के अंतर से कोसानोव मेमोरियल 2025 एथलेटिक्स मीट में रविवार को पुरुषों की ट्रिपल जंप का खिताब जीता। कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता अब्दुल्ला अबूबकर ने ओलंपिक ट्रेनिंग बेस में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर […]

You May Like