जबलपुर: एक तरफ जबलपुर पुलिस शहरभर में हेलमेट चेकिंग अभियान चलाकर आम लोगों को नियमों का पालन करने की सलाह दे रही है, वहीं दूसरी तरफ खुद पुलिसकर्मी ही ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया में इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जो जबलपुर के सिविल लाइन इलाक़े का बताया जा रहा है। वायरल होते वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक एक्टिवा स्कूटी पर तीन पुलिसकर्मी सवार हैं।
स्कूटी एक पुरुष पुलिसकर्मी चला रहा है, जबकि पीछे दो महिला पुलिसकर्मी बैठी हुई हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना है। स्कूटी पर पुलिस का स्टीकर भी साफ दिखाई दे रहा है और उसका नंबर MP20 SP 6669 बताया जा रहा है। अब सवाल यह उठता है कि जब नियम लागू कराने वाले ही नियम तोड़ेंगे, तो आम जनता पर उसका क्या असर पड़ेगा। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
