सतना। जिले के जसो थाना क्षेत्र अंतर्गत दुरेहा घाट में मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 50 वर्षीय रामकिशोर कोल की मौत हो गई, जबकि 20 मजदूर घायल हो गए। घायलों को नागौद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार मजदूर तुसगवां गांव से छतरपुर जिले में मूंगफली तोडऩे की मजदूरी करने जा रहे थे।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जब वाहन दुरेहा घाट के मोड़ से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सडक़ पर पलट गई। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में पिकअप में 30 से 40 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है।हादसे में घायल मजदूरों ने चालक पर तेज रफ्तार से पिकअप चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रास्ते में उन्होंने कई बार चालक से वाहन धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर दी। इसके बाद दुरेहा घाट के मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जिला चिकित्सालय में उपचार जारी
हादसे में जान गंवाने वाले रामकिशोर कोल (50), पिता कंछेदीलाल, तुसगवां निवासी थे। दुर्घटना में घायल मजदूरों को नागौद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में सोमवती आदिवासी (14), फूलबाई आदिवासी (12), शुक्ला आदिवासी (38), सविता आदिवासी (6), सच्चें बाई आदिवासी (8), फूलबाई आदिवासी (7), सुमितबाई आदिवासी (10), रवीना आदिवासी (12), अरमान आदिवासी (4), रसनी आदिवासी (18), सुनीता आदिवासी (32), सुन्नीलाल आदिवासी (40), कृष्णा आदिवासी (24), अजय आदिवासी (25), शैलेन्द्र आदिवासी (27) और महिमाबाई आदिवासी (45) सहित अन्य मजदूर शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दम्मू आदिवासी (27), कल्लीबाई आदिवासी (52), पार्वती आदिवासी (40) और निमिया बाई (60) को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी घायल तुसगवां गांव, थाना उचेहरा, जिला सतना के निवासी बताए गए हैं।
