
सारंगपुर। करीब दो सप्ताह से लापता 29 साल के कमल मालवीय का शव मंगलवार को नेशनल हाईवे के पास एक कुएं में मिला. कुएं में शव तैरता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव बाहर निकलवाया. परिजनों ने शव की पहचान कमल मालवीय के रूप में की.
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 3 निवासी कमल मालवीय करीब दो सप्ताह पहले घर से लापता हो गया था. उसके पिता का नाम दुर्गा प्रसाद मालवीय है. परिजनों ने तलाश के बाद सारंगपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस भी युवक की तलाश कर रही थी.
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाईवे के पास हकीम खां-बाबू खां पटेल के कुएं में एक शव तैर रहा है. थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई. शव परिजनों को सौंप दिया गया. युवक की मौत किन हालात में हुई, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
