
चितरंगी । गिरछादा गांव में भैयालाल गुप्ता के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस की कार्रवाई महज आवेदन लेने तक सीमित होने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि अब तक संदिग्धों से पूछतांछ नहीं की गई और न ही चोरी का सुराग लगाने में पुलिस की सक्रियता दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार गिरछांदा निवासी भैयालाल गुप्ता का मकान घटना के दिन सूना था और अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़ कर लाखों कीमत के सोने-चॉदी के जेवरात एवं अन्य सामग्री उठा ले गये। सुबह जब भैयालाल का परिवार जब आया तो दरवाजा का ताला टूट देख दंग रह गये। घर के अंदर प्रवेश करते ही सामान बिखरा पड़ा दिखाई दिया, जहां इसकी सूचना चितरंगी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया, लेकिन नतीजा कुछ भी नही निकला।
ग्रामीणों में चर्चा है कि क्षेत्र में कुछ चुनिंदा चोर गिरोह सक्रिय हैं, जो दिन में रेकी कर रात में सुनसान मकानों को निशाना बनाते हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चितरंगी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप यहां तक लगा रहे हैं कि वर्तमान में चितरंगी पुलिस चोरियों को रोकने में असफल दिख रही है। इसके पीछे कारण क्या है, इसे तो थाना प्रभारी ही बता पाएंगे। परंतु क्षेत्र में चोरों के बढ़ते आतंक से लोगबाग रतजगा करने के लिए काफी मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुये चोरों की पतासाजी कराए जाने की मांग की है।
