एनसीपी प्रमुख ने बताया कि दो लोगों ने उनसे मिलकर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 160 सीटें दिलाने का वादा किया था।
नागपुर, 09 अगस्त (वार्ता): महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले दिल्ली में उनसे दो लोग मिलने आए थे, जिन्होंने उन्हें 288 में से 160 सीटें जीतने की गारंटी दी थी। पवार ने यह भी बताया कि उन्होंने इस प्रस्ताव को गंभीरता से नहीं लिया और उन लोगों को राहुल गांधी से मिलवाया।
शरद पवार ने नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह चौंकाने वाला दावा किया। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है और उन दो अज्ञात व्यक्तियों की पहचान को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। पवार ने कहा कि उन्होंने और राहुल गांधी दोनों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और लोगों के बीच जाकर चुनाव लड़ने का फैसला किया।

