मनगवां: NH-27 पर मवेशियों की मौत के बाद चक्काजाम हाईवे पर मौत का तांडव: अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब एक दर्जन मवेशियों की मौत, बजरंग दल ने नेशनल हाईवे-27 पर मनगवां क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब एक दर्जन मवेशियों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाने के कारण सड़क पर मौजूद मवेशी इसकी चपेट में आए।
घटना से आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। कई घंटे से जारी चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही मनगवां थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचें और मवेशियों की मौत के मामले में जिम्मेदार वाहन की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हाईवे पर मवेशियों की सुरक्षा और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं। चक्काजाम के चलते NH-27 पर दोनों तरफ यातायात बाधित है और बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
