मतदाता सूची प्रक्रिया में अनियमितताओं पर दिल्ली कांग्रेस ने जतायी चिंता, एसआईआर की समयसीमा बढ़ाने की मांग

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची प्रक्रिया में अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए एसआईआर की समयसीमा बढ़ाने की मांग की है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के निर्देश पर बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजेश गर्ग और लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बैठक में हिस्सा लिया।

श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से पहले ही अनमैप्ड मतदाताओं तथा तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं का डेटा सार्वजनिक करने की मांग की थी। उनके अनुसार, डेटा जारी होने के बावजूद 30 सितंबर की अंतिम तिथि बहुत कम समय देती है। उन्होंने दावा किया कि अभी भी बड़ी संख्या में नोटिस वितरित नहीं हुए हैं और कई स्थानों पर जवाब दाखिल करने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। कांग्रेस ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 करने की मांग की।

श्री गर्ग ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में पहले से मतदाता सूची में दर्ज लोगों के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं और उन्हें फॉर्म-6 भरने को कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर कानूनी विकल्पों पर विचार करेगी। एडवोकेट सुनील कुमार ने कहा कि कई ऐसे मतदाताओं के नाम भी ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं, जिन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर उसकी रसीद प्राप्त की थी। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल जोड़ने तथा बेघर नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की।

 

 

Next Post

दुष्कर्म एवं लूट के इनामी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Mon Sep 21 , 2026
रीवा, सेमरिया पुलिस ने दुष्कर्म एवं लूट के 02 अलग-अलग मामलों में करीब 02 वर्षों से फरार चल रहे 12,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है. आरोपी पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था.थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल ने बताया कि फरियादी […]

You May Like