इंदौर:गणेश स्थापना के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना आयोजकों और संचालकों को भारी पड़ गया. पुलिस ने मुसाखेड़ी क्षेत्र में डीजे वाहनों की जांच के दौरान बिना अनुमति और निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजते पाए जाने पर छह वाहन जब्त किए हैं. मामले में संबंधित आयोजकों और डीजे संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
गणेश स्थापना को लेकर क्षेत्र में डीजे वाहनों की अनुमति और ध्वनि सीमा की जांच की जा रही थी. मुसाखेड़ी में जांच के दौरान कुछ डीजे संचालक निर्धारित नियमों का पालन करते नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने मौके से छह डीजे वाहन जब्त किए. थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि गणेश स्थापना के दौरान अनुमति और निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन कराने के लिए जांच की जा रही है, मुसाखेड़ी में नियमों का उल्लंघन मिलने पर छह डीजे वाहन जब्त किए हैं. त्योहार के दौरान नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
