लोगों के जहां मकान टूटे वहां सीएम का ज्यादा स्वागत

उज्जैन। विकास की बात करना जितना आसान होता है उससे कहीं अधिक विकास में सहभागिता करना होता है,उज्जैन के उन लोगों को मैं प्रणाम करता हूं उनका आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने आशियाने अपने ही हाथों से तोड़े,और सिंहस्थ 2028 के चौड़ीकरण में अपनी सार्थक भूमिका निभाई । सीएम बोले , वहाँ वहाँ ज्यादा स्वागत सत्कार मिला जहां लोगों ने अपने मकान इसलिए तोड़े हैं कि 50 करोड़ श्रद्धालु और साधु संत उज्जैन में आए तो आवागमन सुलभ हो ।

सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया। नीलगंगा से केटीएम गैल इंडिया चौराहा तक मार्ग चौड़ीकरण तथा शांतिनगर से इंदौर रोड तक बनाए जा रहे नए मार्ग की प्रगति देखी। अधिकारियों से कार्यों की समय-सीमा और प्रगति की जानकारी लेते हुए सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया।

रवासियों के बीच पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री ने स्थानीय रहवासियों से भी संवाद किया। नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, वहीं मुख्यमंत्री ने बच्चों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। चौड़ीकरण के लिए मकान, दुकान और जमीन उपलब्ध कराकर सहयोग करने वाले नागरिकों के प्रति उन्होंने आभार जताया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी में सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालु आएंगे, इसलिए शहर की सुविधाओं का विस्तार समाज और सरकार दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

सड़क और ब्रिज की कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधी कॉलोनी चौराहे से नानाखेड़ा बस स्टैंड तक का मार्ग बाबा महाकाल मंदिर जाने वाला प्रमुख मार्ग है। नानाखेड़ा से आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध रहेगा। यह मार्ग पुराने और नए शहर को एलिवेटेड ब्रिज के माध्यम से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए स्वेच्छा से अपने भवन और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पीछे किए हैं, वहीं कई देवस्थलों को लेकर भी सहयोग की भावना दिखाई गई है।

बढ़ती श्रद्धालु संख्या के साथ बढ़ रहा धार्मिक पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले जहां सालाना लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, वहीं पिछले वर्ष करीब 8 करोड़ श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। इस वर्ष यह संख्या 12 करोड़ से अधिक होने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन और इंदौर क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सिंहस्थ को देखते हुए सड़क, यातायात, आवागमन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।

जैन मंदिर में दर्शन-पूजन कर उपाश्रय भवन का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माधवनगर स्थित जैन श्वेताम्बर मंदिर में भगवान शीतलनाथ स्वामी के दर्शन-पूजन किए और नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के विचार त्याग, संयम, अहिंसा और करुणा का मार्ग दिखाते हैं। नवीन भवन में ‘तीन धाम, एक मुकाम’ की अवधारणा के तहत मणिभद्र भगवान के मंदिर के साथ ई-लायब्रेरी का भी प्रस्ताव है। भवन धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा।

बिहार के युवा इन्फ्लुएंसरों को बताई उज्जैन की विरासत

मुख्यमंत्री ने देवास रोड स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस में बिहार से आए 16 सदस्यीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दल से संवाद भी किया। उन्होंने युवा इन्फ्लुएंसरों को उज्जैन की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की जानकारी दी। वीर भारत संग्रहालय, सर्प उद्यान और महाकाल महालोक सहित शहर में चल रहे विकास कार्यों के बारे में भी बताया। इन्फ्लुएंसर दल उज्जैन प्रवास के दौरान प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सिंहस्थ की तैयारियों और विकास कार्यों को करीब से देखेगा।

यह रहे मौजूद

इस दौरान राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

इमरान खान की बहन अलीमा खान लाहौर में गिरफ्तार

Sun Sep 20 , 2026
लाहौर, 20 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान पुलिस ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को रविवार को लाहौर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) द्वारा 27 सितंबर को इस्लामाबाद में प्रस्तावित विरोध मार्च से कुछ दिन पहले हुई […]

You May Like