व्हाट्सएप हैक कर अस्पताल डायरेक्टर, कर्मी से ठगी

जबलपुर: विजयनगर में शातिर ठग ने एक अस्पताल कर्मी का व्हाट्सएप हैक कर उसके करीबियों को निशाना बनाया। जालसाजों ने एक ही अस्पताल के मार्केटिंग कर्मी और डायरेक्टर को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से कुल 1 लाख 10 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामेश्वरम कॉलोनी विजयनगर निवासी अतुल कुमार (27) स्वास्तिक अस्पताल में होम केयर मार्केटिंग का काम करता है। उसके व्हाट्सएप पर उसके ही साथ काम करने वाले दीपक सेन के मोबाइल नंबर से एक मैसेज और संदिग्ध लिंक आई।

अतुल ने जैसे ही उस लिंक को खोला, कुछ ही देर में उसके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया कि उसके खाते से 55 हजार रुपये कट चुके हैं। अतुल को ठगने के बाद जालसाजों ने इसी हैक किए गए व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल स्वास्तिक अस्पताल के डायरेक्टर कृष्ण कुमार साहू को ठगने के लिए किया। दीपक सेन के नंबर से डायरेक्टर साहू के मोबाइल पर भी वही लिंक भेजी गई। जैसे ही डायरेक्टर ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से भी 55 हजार रुपये गायब हो गए। जब अतुल और डायरेक्टर कृष्ण कुमार ने दीपक सेन से इस लिंक के बारे में पूछा, तो दीपक ने बताया कि उसका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है और उसने किसी को कोई लिंक नहीं भेजी है। तब जाकर दोनों को समझ आया कि वे साजिश का शिकार हो चुके हैं।

‌माइनिंग कर्मी, महिला के खाते से उड़ाए सवा लाख
घमापुर और ओमती थाना क्षेत्रों में साइबर ठगों ने माइनिंग कर्मी और महिला को निशाना बनाकर करीब 1 लाख 5 हजार रुपये उड़ा दिए। जानकारी अनुसार घमापुर लालमाटी निवासी माइनिंग कर्मी दुर्गेश रजक को अज्ञात ठग ने बालाजी ट्रांसपोर्टर बनकर कॉल किया और माइंस में गाड़ियां लगाने का झांसा देकर एडवांस के नाम पर 44,000 रुपये ऐंठ लिए। वहीं ओमती रसल चौक निवासी अनुराधा गुप्ता का मोबाइल अज्ञात हैकर ने हैक कर लिया। दोपहर में करीब एक घंटे के लिए महिला के फोन की स्क्रीन बंद रही और इसी बीच हैकर ने उनके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से फोन पे के माध्यम से मात्र 3 मिनट में 60,998 रुपये पार कर दिए। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Next Post

श्री नागर चित्तौड़ा महाजन समाज बागली द्वारा शोभा यात्रा के बाद श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुरू

Sun Sep 20 , 2026
बागली:श्री नागर चित्तौड़ा महाजन समाज बागली द्वारा स्थानीय राधा कृष्ण मंदिर गुप्ता धर्मशाला परिसर में दिनांक 19 से 26 सितम्बर तक पंडित श्री चंद्रशेखर जोशी के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन शनिवार से प्रारंभ हुआ। गाजे बाजे के साथ पंडित श्री चंद्रशेखर जोशी के निवास स्थान से […]

You May Like