सियोल/टोक्यो, 20 सितंबर (वार्ता) उत्तर कोरिया ने रविवार को कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्व में समुद्र की ओर एक ऐसी वस्तु दागी, जो बैलिस्टिक मिसाइल प्रतीत होती है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “उत्तर कोरिया ने प्रायः एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। और जानकारी जल्द ही मिलेगी।”
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उत्तर कोरिया ने एक अज्ञात प्रक्षेप्य दागा। जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, यह प्रक्षेप्य जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर जाकर गिरा।
इससे एक दिन पहले उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। उत्तर कोरिया ने सरकारी मीडिया के जरिए जारी बयान में इस प्रस्ताव की आलोचना की।
उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह अमेरिका के नेतृत्व में हुए नौसैनिक अभ्यास की भी निंदा की थी। दक्षिण कोरिया और जापान की भागीदारी वाला यह अभ्यास 29 अगस्त से 10 सितंबर तक गुआम के पास आयोजित किया गया था।
उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग ने शुक्रवार को कोरियाई प्रायद्वीप में “लगातार बिगड़ते” तनाव के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य अभ्यासों को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने देश के परमाणु शस्त्रागार को मजबूत करने की उत्तर कोरिया की नीति में किसी बदलाव से भी इनकार किया था।
