सीधी: वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी चंद्रमोहन गुप्ता के पिता स्व.द्वारिका प्रसाद गुप्ता की पुण्यतिथि पर रोली मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार होने के कारण इस आयोजन में शहर के जरूरतमंद एवं गरीबों का भारी हुजूम एकत्र हुआ था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह की उपस्थिति में वृद्धजनों एवं निशक्तजनों को कंबल, दरी, चादर सहित आवश्यक सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में 565 हितग्राहियों को सामग्री प्रदान की गई, जिनमें 361 महिलाएं और 204 पुरुष शामिल रहे। इस दौरान 18 हितग्राहियों के
आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शेष जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड अलग से कैंप करके बनाए जाने का वादा भी किया गया है। इस अवसर पर मुकुटधारी सिंह, मीना गुप्ता, लालचन्द्र गुप्ता, भोला गुप्ता, इंद्रशरण सिंह, दिलीप सितानी, गुरुमुख दास, राम सिंह कर्चुली, पंकज सिंह चौहान, अधिवक्ता गिरिजेश तिवारी एवं अधिवक्ता योगेन्द्र सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ. अशोक खरे
सहित पतंजलि योग एवं चिन्मय मिशन के सदस्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के आयोजक व रोली मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी चंद्रमोहन गुप्त ने इस आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का साधुवाद व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वक्त-वक्त पर ट्रस्ट द्वारा किए जाते रहे हैं और आम लोगों के सहयोग से भविष्य में भी इसी तरह के विविध आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी।
