सीधी: भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जिले के शासकीय विद्यालयों में अपने पदाधिकारियों को भेजकर विद्यार्थियों के बीच सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने तीखा विरोध जताया है।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने इसे शासकीय शिक्षण संस्थानों के राजनीतिक इस्तेमाल का गंभीर मामला बताते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी से स्पष्ट जवाब मांगा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि शासकीय विद्यालय किसी राजनीतिक दल के प्रचार का मंच नहीं हैं।
विद्यालय विद्या के मंदिर हैं जहां बच्चों का भविष्य गढ़ा जाता है। यदि भाजपा के पदाधिकारी इन विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं के साथ-साथ भाजपा की रीति-नीतियों का प्रचार कर रहे हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है। ज्ञान सिंह ने जिला प्रशासन और डीईओ से सीधा सवाल करते हुए कहा कि क्या जिले के शासकीय विद्यालयों में भाजपा के पदाधिकारियों को जाकर विद्यार्थियों को संबोधित करने तथा योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन अथवा शिक्षा विभाग द्वारा कोई लिखित अनुमति जारी की गई थी, यदि अनुमति दी गई थी तो वह किस नियम और किस अधिकार के तहत दी गई। उन्होंने कहा कि डीईओ को पूरे मामले पर तत्काल स्पष्टीकरण देना
चाहिए और यदि भाजपा पदाधिकारियों के कार्यक्रमों के लिए कोई अनुमति या आदेश जारी किया गया है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि जिले की जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी हो सके। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के कार्यक्रमों की आड़ में यदि शासकीय विद्यालयों में भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा सरकार की योजनाओं का प्रचार और पार्टी की विचारधारा का प्रसार किया जा रहा है तो यह शासकीय संस्थानों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस इस प्रकार के कृत्य की घोर निंदा करती है।
