फिलीपिंस में समुद्र के बीच फेरी में लगी आग, 5 की मौत; 87 लोग लापता

पलावन, फिलीपींस में पलावन के पास मनीला से कोरोन जा रही फेरी में भीषण आग लग गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 87 लोग अभी लापता हैं।

फिलीपींस में टूरिस्ट डेस्टिनेशन, पलावन के पास एक बड़ा हादसा हुआ है। कोरोन के तट के पास समुद्र में बुधवार शाम, मनीला से कोरोन जा रही फेरी M/V जून एस्टर में अचानक भीषण आग लग गई।

खुले समुद्र में जहाज को आग की लपटों में घिरा देख, फिलीपीन कोस्ट गार्ड ने बचाव अभियान शुरू किया। इस घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 87 लोग अभी भी लापता हैं। इस फेरी में कुल 134 लोग सवार थे।

कोस्ट गार्ड ने दी हादसे की जानकारी
फिलहाल, फेरी में आग कैसे लगी इसके कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। एएफपी के मुताबिक, कोस्ट गार्ड ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि M/V जून एस्टर में बुधवार की शाम तट के पास 2.2 किमी की दूरी पर आग लग गई। अब तक 5 लोगों के शव बरामद किए गए है, जिन्हें तट पर लाया गया है।

कोस्ट गार्ड ने फेसबुक पर हादसे का वीडियो शेयर किया है, जिसमें पूरी फेरी आग की लपटों में घिरी हुई नजर आ रही है। हादसे का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कोस्ट गार्ड की कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने गुरुवार को एक लोकल रेडियो स्टेशन को जानकारी देते हुए बताया, “बचे हुए 42 लोगों और मारे गए लोगों के बारे में हमारे पास जो जानकारी है, उसके आधार पर 87 लोग अभी भी लापता हैं।” उन्होंने बताया कि जहाज के रिकॉर्ड में क्रू मेंबर्स को मिलाकर कुल 134 यात्रियों के नाम दर्ज थे।

कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने कहा, “मैं साफ करना चाहती हूं कि यह लाइव डेटा है और जैसे-जैसे हमारा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा, इसमें बदलाव हो सकता है।”

कायाब्याब ने बताया कि बचे हुए लोगों में 38 यात्री और चार क्रू मेंबर शामिल हैं। उन्होंने कहा, “हम अभी तक बचे हुए लोगों से जानकारी नहीं जुटा पाए हैं क्योंकि हम उनसे बात नहीं कर पाए हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं।

Next Post

ओडिशा में रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़-झारखंड समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, 60 Kmph तक चलेंगी हवाएं

Thu Sep 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। ओडिशा में रेड अलर्ट, जबकि कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। 10 सितंबर, 2026 को पूरे भारत में मौसम की स्थिति उत्तरी बंगाल की खाड़ी […]

You May Like