
जबलपुर । नई उड़ानों एवं नए एयर रूट्स की जबलपुर में संभावनाओं को लेकर वायुसेवा संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी को सुचारू, नियमित एवं विस्तारित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जबलपुर से इंदौर, पुणे, चेन्नई, अहमदाबाद, पटना, कोच्चि, गोवा सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने की आवश्यकता पर विशेष रूप से चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि जबलपुर महाकौशल क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, पर्यटन एवं प्रशासनिक केंद्र है और बेहतर हवाई संपर्क क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है।
वायुसेवा संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि पुणे, इंदौर, पटना, चेन्नई, अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानों की मांग को प्राथमिकता के साथ संबंधित एयरलाइंस एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा। जबलपुर से वर्तमान में संचालित उड़ानों की नियमितता एवं स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस से संवाद किया जाएगा।
बंद इंदौर फ्लाइट फिर हो प्रारंभ
इसी कड़ी में उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस के उच्च सेल्स प्रबंधन से दूरभाष पर बात कर उन्हें इंदौर की बंद की गई फ्लाइट को पुन: आरंभ करने पर चर्चा की। हिमांशु खरे से चर्चा में इंडिगो प्रबंधन ने बताया कि जबलपुर को अहमदाबाद वाया इंदौर, जबलपुर गोवा वाया इंदौर, जबलपुर पुणे वाया इंदौर, जबलपुर कोलकाता वाया इंदौर जोडऩे पर प्रस्ताव बनाया गया है। इससे विमानन कंपनी को पर्याप्त यात्री संख्या मिलेगी, जबलपुर की कनेक्टिविटी भी कई शहरों से हो सकेगी।
कनेक्टिविटी से व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, रोजगार के खुलेंगे द्वार
समिति के बलदीप मैनी, गीता शरत तिवारी, हिमांशु राय, डॉ अंजना तिवारी ने बताया कि नए हवाई मार्गों के लिए यात्री मांग, संभावित यात्री संख्या एवं क्षेत्र की व्यावसायिक आवश्यकता से संबंधित तथ्य एवं आंकड़े एकत्र कर इंडिगो एवं अन्य एयरलाइंस के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वित प्रयास किए जाएंगे। वायुसेवा संघर्ष समिति के मनु शरत तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, आई के खन्ना, अभिषेक जैन, आदित्य जैन ने बताया कि समिति द्वारा एयरलाइंस एवं संबंधित विभागों के साथ हुई चर्चाओं और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यकता पडऩे पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।वायुसेवा संघर्ष समिति ने कहा कि जबलपुर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर सीधी हवाई कनेक्टिविटी दिलाना केवल शहर की सुविधा का विषय नहीं, बल्कि महाकौशल के व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए समिति निरंतर प्रयास जारी रखेगी।
