
कटंगी, क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित कटंगी-लालबर्रा मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण मार्ग का भूमि पूजन किया जाना प्रस्तावित है। इसके पूर्व शनिवार को राजस्व विभाग द्वारा मार्ग का चिन्हांकन किया गया। इस दौरान विधायक गौरव सिंह पारधी ने मौके पर पहुंचकर चिन्हांकन कार्य का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मार्ग निर्माण से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर हुआ विचार-विमर्श
कटंगी नगर में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण इस क्षेत्र में यातायात का अत्यधिक दबाव बना रहता है। बाजार के दिन लोगों एवं वाहनों की अधिक आवाजाही के चलते कई बार आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और यातायात का गतिरोध देखने को मिलता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक गौरव सिंह पारधी ने नगर परिषद, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाओं और संभावित समाधान पर विचार-विमर्श किया।
मार्ग निर्माण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
कटंगी-लालबर्रा मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों में शामिल रहा है। इस मार्ग के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों, ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था तथा स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी। भूमि पूजन से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य व्यवस्थित और समयबद्ध रूप से प्रारंभ हो सके।
इस दौरान नगर परिषद के सीएमओ, इंजीनियर, राजस्व विभाग के तहसीलदार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
