मरीज को कंधे पर टांग कर ले जाने को मजबूर हुए ग्रामीण

सतना: चित्रकूट के थरपहाड़ गांव में रास्ता न होने का खामियाजा उस वक्त देखने को मिला जब एक मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें कंधे पर टांगकर अस्पताल ले जाने के लिया ग्रामीणों को मजबूर होना पड़ा। काफी रास्ता तय करने के बाद किसी तरह एम्बुलेंस मिल पाई।

चित्रकूट नगर परिषद क्षेत्र के थरपहाड़ गांव में बुनियादी सुविधाओं का अकाल इस कदर गहराया हुआ है कि आजादी के दशकों बाद भी ग्रामीण पक्की सड़क के लिए तरस रहे हैं। रास्ते के अभाव में ग्रामीणों को किसी भी आपात स्थिति में मरीज को झोली या टाट में बांधकर कंधे पर टांगकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। ताजा मामला थरपहाड़ गांव का सामने आया, जहाँ 28 वर्षीय गोरे सिंह पिता बब्बू सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। लगातार उल्टी और दस्त होने के कारण वे अत्यधिक शारीरिक कमजोरी का शिकार हो गए थे। परिजनों को उन्हें उपचार के लिए मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि अस्पताल से प्राथमिक दवा कराने के बाद जब उन्हें घर वापस लाया जा रहा था, तब भी रास्ते के अभाव में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रहवासियों में आक्रोश

गाँव में जब भी किसी मरीज, वृद्ध या गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ती है, तो हर बार यही दर्दनाक मंजर देखने को मिलता है, दूसरी ओर प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों के दावे पूरी तरह हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी केवल टेंडर होने और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने का ढिंढोरा पीट रहे हैं, जबकि धरातल पर आज तक न तो कोई ठेकेदार पहुंचा है और न ही कोई जमीनी काम शुरू हुआ है। जब भी इस विषय पर नगर परिषद या प्रशासनिक जिम्मेदारों से जवाब मांगा जाता है, तो वे भोपाल स्तर पर स्वीकृति अटके होने जैसी बातें कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। मूलभूत सड़क सुविधा न मिलने से थरपहाड़ गांव के निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Next Post

नई दिल्ली में एनजीटी के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बोले पीएम मोदी, कहा- भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ दुनिया को दे रहा है जलवायु परिवर्तन का ठोस समाधान

Sat Sep 19 , 2026
नई दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा आयोजित ‘पर्यावरण और जलवायु गतिशीलता का भविष्य’ विषय पर आधारित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस प्रतिष्ठित उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री […]

You May Like