रादुविवि में बीएड तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा की कई बार बदली तिथि
जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में परीक्षा करने के लिए तारीख पर तारीख विद्यार्थियों को मिल रही है। जिसके चलते इन सभी परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा की तारीख को कई बार बढ़ाया गया है। जिसके कारण खास तौर पर बाहर से परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें उन्हें आने-जाने में तकलीफ हो रही है और बार- बार तारीख बढ़ाने पर उन्हें रिजर्वेशन भी कैंसिल करना पड़ रहा है।
7 से शुरू हुआ तारीखों का खेल
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा पहले
बीएड तृतीय सेमेस्टर के एग्जाम के लिए सबसे पहले 7 जनवरी की तिथि निर्धारित की थी। जिसके बाद उस तारीख को बढ़ाकर 17 जनवरी कर दिया गया। बाद में फिर 15 जनवरी को नोटिस जारी कर 17 से बढ़ाकर 21 जनवरी कर दिया गया। आज 21 जनवरी को भी कुछ परीक्षार्थियों को यह असमंजस है कि आज उनकी परीक्षा होगी या फिर नहीं होगी।
नेट के पेपर थे, इसलिए बदली थी तारीख: कुलगुरु
इस संबंध में जब कुलगुरु डॉ राजेश वर्मा से बात की गई तो उनका कहना था पहले दो बार तिथि बढ़ाने की जानकारी मुझको है, जिसमें परीक्षार्थियों के नेट के एग्जाम होने थे,जिसके चलते उनकी सुविधा को देखते हुए परीक्षा की तिथि को बढ़ाया गया था। अगर आगे भी तिथि बढ़ाई गई है तो उसकी जानकारी और कारण विभाग से पूछा जाएगा।
