इंदौर: एक टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कर की जमीन पर कब्जे के आरोप के मामले में अब नया मोड़ आ गया है. जहां एक ओर एक्ट्रेस ने शराब कारोबारी पर एफआईआर दर्ज कराई है, वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने भी थाने में आवेदन देकर अपना पक्ष रखा है.देवास नाके स्थित करोड़ों की जमीन को लेकर विवाद अब दोनों पक्षों के बीच खुलकर सामने आ गया है. एक्ट्रेस रेमन कक्कर द्वारा कब्जे की शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी सूरज रजक की ओर से भी पुलिस को आवेदन दिया है, जिससे मामले ने नया रूप ले लिया है.
एक्ट्रेस का एक नेशनल टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में आरोप है कि परिवार द्वारा साफ इनकार के बावजूद जमीन पर खंभे गाड़कर शेड तैयार करने की कोशिश की गई. वहीं, अब आरोपी पक्ष ने अपने आवेदन में आरोपों को गलत बताया है. पुलिस दोनों पक्षों के दस्तावेज और दावों की जांच में जुटी है. इस बीच, जमीन के एक हिस्से को लेकर इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की भूमिका भी चर्चा में आ गई है.
एक्ट्रेस का कहना है कि जिस जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश हुई, उसका कुछ हिस्सा पहले ही आईडीए को विकास के लिए दिया जा चुका है, जहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि नियमों के विपरीत है. थाना प्रभारी तारेश सोनी का कहना है कि मामले में पुलिस ने पहले ही एफआईआर दर्ज कर ली है और अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, एक्ट्रेस ने आईडीए से भी इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है.
