जबलपुर: साम्प्रदायिक भावना को भडक़ाने वाले बख्शें नहीं जाएंगे। आपत्तिजनक पोस्ट करने वालो पर पैनी नजर रखी जाए। अगर कोई भडक़ाऊ पोस्ट करता है तो उसे तत्काल नोटिस दिया जाये, यदि साम्प्रदायिक भावना को भडक़ाने वाली पोस्ट है तो तत्काल वैधानिक कार्यवाही करें, जो भी कार्यवाही करें, उसमें निष्पक्षता एवं पारदर्शिता होनी चाहिये।
यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक लेते हुए कहीं। बैठक में एसपी द्वारा सर्वप्रथम अच्छी कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिये सभी को बधाई दी गयी, तत्पश्चात त्रिवार्षिक तुलनात्मक भादवि और बीएनएस समेत प्रतिबंधात्मक एवं माईनर एक्ट की विस्तार से समीक्षा की गयी। लंबित अपराधों के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कबाड़ी चिन्हित करें, कैमरे लगवायें
पुलिस कप्तान ने कहा कि कबाड़ का काम करने वालों को चिन्हित करते हुये कबाडख़ानों के आसपास और संवेदनशील क्षेत्र में सीसीटीव्ही कैमरे लगवायें। साथ ही सम्पत्ति सम्बंधी अपराधियों की गुजर बसर की जांच करते हुये गुण्डे बदमाशों पर निगाह रखें। शिकायतों की समीक्षा करते हुये कहा कि शिकायतों का निराकरण करें, लापरवाही न बरती जाये।
गुंडा फाइल खोले
एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों की गुण्डा फाईल खोल सतत निगरानी रखी जाये। जेल से छूटे बदमाशों पर भी नजर रखे।
