रीवा :जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत छुहिया घाटी में शुक्रवार सुबह करीब 11बजे दो बसों की जोरदार टक्कर हो गई। हनुमान मंदिर के पास व्यौहारी से रीवा आ रही दीपक ट्रेवल्स की बस के चालक द्वारा गलत साइड से मोड़ने के कारण उसकी टक्कर सतना से सीधी जा रही चतुर्वेदी ट्रेवल्स की बस से हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार, लोगों ने बचाई जानटक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को क्षतिग्रस्त बसों से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
16 घायल, SGMC और गोविंदगढ़ में भर्ती
हादसे में कुल 16 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय रेफर किया गया है, जबकि शेष 8 घायलों का इलाज गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है।
दोनों चालकों पर लापरवाही का केस
पुलिस ने दुर्घटना के बाद शेष यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गलत साइड से मोड़ना हादसे का कारण बना। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
छुहिया घाटीमें आए दिन तेज रफ्तार और गलत ड्राइविंग के कारण हादसे होते रहते हैं। प्रशासन से लोगों ने इस मार्ग पर सख्ती की मांग की है।
