
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी स्थित उमरिया में उस समय हडक़ंप मच गया, जब शुक्रवार को एक अज्ञात नरकंकाल मिला । सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। विशेषज्ञों ने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। हत्या, आत्महत्या एंगल पर तफ्तीश की जा रही है । कंकाल पूरी तरह से गल चुका है, जिसके कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो पाई। पुलिस अब मृतक की शिनाख्त की कोशिशों में जुट गई है।
इसके लिए जबलपुर और आसपास के जिलों के सभी थानों से हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट के रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे है। पुलिस को आशंका है कि लापता हुए किसी व्यक्ति की लाश यहां छिपाई गई हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने शव के अवशेषोंको कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। कंकाल को पोस्टमार्टम और विस्तृत फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
