
ओंकारेश्वर। ओंकारेश्वर पावर स्टेशन में 17 सितम्बर को भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। पावर हाउस सहित विभिन्न कार्यालयों और कार्यस्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, सुरक्षा और संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की गई।
पावर हाउस परिसर में मुख्य आयोजन हुआ। परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी और लेडीज क्लब अध्यक्षा अंजना द्विवेदी मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न हुई और विद्युत उत्पादन से संबंधित मशीनरी एवं उपकरणों का पूजन किया गया।
इसके अलावा पम्प हाउस, कॉलोनी विद्युत विभाग, आईटी विभाग, भण्डार विभाग, बाँध विभाग और स्विचयार्ड सहित अन्य कार्यालयों में भी कार्मिकों ने अपने कार्यस्थल और उपकरणों का पूजन किया।
पूजा के बाद प्रशासनिक भवन परिसर स्थित पार्किंग स्थल पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पावर स्टेशन के अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन, सीआईएसएफ बल सदस्य और संविदाकर्मियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (ओएंडएम) विनोद कुमार सिंह, महाप्रबंधक (सिविल) संजय कुमार, सहायक कमांडेंट सीआईएसएफ राधेश्याम राठौर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
