देशभर के एयरपोर्ट पर शुरू हुआ यात्री सेवा अभियान

इंदौर: देशभर के एयरपोर्ट पर बुधवार से ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत हो गई. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से आयोजित यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा. इसे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है. अभियान के दौरान यात्री सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता जागरूकता और सेवा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

इंदौर एयरपोर्ट के अधिकारी रामस्वरूप यादव ने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने अभियान की शुरुआत की. इसी क्रम में देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे अभियान का शुभारंभ हुआ. एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई. शाम को टर्मिनल में लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं. यात्रियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और प्रस्तुतियों की सराहना की. कार्यक्रम के बाद यात्रियों को उपहार भी दिए गए.

अलग-अलग चरणों में होंगी गतिविधियां
18 से 20 सितंबर तक लैंडसाइड क्षेत्र की सफाई, पार्किंग, कनेक्टिविटी और बैठक व्यवस्था पर फोकस रहेगा. 21 से 23 सितंबर तक दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुगम यात्रा, यात्री सूचना तथा बैगेज सुविधाओं की समीक्षा होगी. 24 से 26 सितंबर तक सुरक्षा व्यवस्था, हेल्पडेस्क, पेयजल, आवश्यक सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं पर ध्यान दिया जाएगा. 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ‘अतिथि देवो भवः’ थीम के तहत स्थानीय कला-संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम होंगे.
28 और 29 सितंबर को परिवार-अनुकूल सुविधाओं, यात्री प्रतिक्रिया और शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी. 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्थानीय संस्कृति, सफाई मित्रों के सम्मान और स्वच्छता दिवस से जुड़े कार्यक्रम होंगे. 3 से 9 अक्टूबर तक हरित एयरपोर्ट, महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं, चिकित्सा तैयारियों, कर्मचारी व्यवहार, पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों की सहायता और सेवा गुणवत्ता ऑडिट जैसी गतिविधियां होंगी. 10 अक्टूबर को समापन समारोह में अभियान के दौरान किए गए सुधारों, उपलब्धियों और आगे की कार्ययोजना की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी.

Next Post

लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी के लिए पूरा किया 100वां गोल, क्रूज अजुल को हराकर जीता कैंपियोन्स कप

Fri Sep 18 , 2026
मुंबई, लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी के लिए अपना 100वां गोल दागकर रचा इतिहास। क्रूज अजुल को 2-0 से हराकर टीम ने कैंपियोन्स कप का खिताब अपने नाम कर लिया। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी के लिए खेलते हुए अपना 100वां गोल पूरा कर लिया। मेसी के […]

You May Like