
जबलपुर। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा गुरूवार को तिलवारा रोड स्थित होटल पार्क इन रेडिसन में दबिश दी गई। इस दौरान होटल के किचन में आलू डोसा व आलू पराठे के लिए रखे उबले आलूओं में सडे आलू भी शामिल पाये गये। मिस्सी रोटी और प्लेन रोटी का आटा दो दिन का पुराना फ्रिज में स्टोर करके रखा हुआ पाया गया। स्टोर में रखी खाद्य सामग्री के पैकेटों पर लेबल भी नियमानुसार नहीं पाये गये। वेज और नॉनवेज किचन अलग-अलग नहीं पाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि किचन में साफ-सफाई नहीं पाये जाने पर होटल पार्क इन रेडिसन को धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया जा रहा है। इस होटल से लाल मिर्च, सेव, डेट्स, पिस्ता, खजूर के सैंपल भी परीक्षण करने लिए गए हैं । खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने होटल वेलकम का भी निरीक्षण किया। यहां किचन एवं स्टोर में लाइसेंस की शर्तों के अनुसार स्थिति संतोषप्रद पाई गई।
