
खंडवा। निष्ठुर चोर ने उस दुल्हन को भी नहीं बख्शा, जिसकी ससुराल से कुछ घंटे पहले ही सोने की जूलरी आई थी। उन्हें पहनकर दुल्हन को सात फेरों की रस्म निभानी थी। दुल्हन के पिता का डेढ़ साल पहले निधन हो चुका है। उसके ताऊजी इस रस्म को निभा रहे हैं। वे भी शाक्ड हैं। गनीमत है कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें एक युवक संदेह के घेरे में है।
मामला भले दो लाख की जूलरी का है, लेकिन फेरे से पहले दुल्हन के जेवर चोरी होना बड़ी बात है। चोर ने फिल्मी स्टाइल में सामान गायब कर दिया।
एसपी का कहना है कि मामला छोटी या बड़ी चोरी का नहीं। एक दुल्हन से संबंधित संवेदनशील मामला है। एसपी मनोज राय खुद इस मामले में इंटरेस्ट ले रहे हैं। दुल्हन को रस्में निभाने के बाद ताऊजी व परिजनों ने विदा किया। पदमनगर पुलिस जांच कर रही है। जेवरों की कीमत दो से ढाई लाख रुपए है। इसके बावजूद घटनाक्रम की गंभीरता देखते हुए अनुसंधान के लिए पुलिस के बड़े अफसरों को एसपी ने मैदान में उतार दिया है।
