
छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आज शाम संपूर्ण शहर में भव्य एवं अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य आयोजन स्थानीय छोटा तालाब स्थित सुभाष पार्क में संपन्न हुआ, जहां शाम 07:00 बजे से एक साथ 25,000 दीप प्रज्वलित किए गए। इस पावन अवसर पर छोटा तालाब परिसर को चारों तरफ से आकर्षक दूधिया रोशनी से नहलाया गया था, जिससे दीयों की लपटों और दूधिया जगमगाहट से पूरा छोटा तालाब परिसर और सुभाष टापू अलौकिक छटा से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों एवं उपस्थित नगरवासियों ने आशीर्वाद के दीए वही नगर निगम के सभी 48 वार्डों में लगभग 50 अलग-अलग स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर निगम प्रशासन के संयोजन में पूरे शहर में कुल मिलाकर 51,000 दीपों का प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सभी विभागों व शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
