
ग्वालियर। सेवा-संकल्प अभियान के शुभारंभ दिवस पर गुरुवार की सांध्य बेला में ग्वालियर जिले ने सेवा, श्रद्धा और सामाजिक सरोकार का अनूठा संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक बैजाताल सहित जिले के विभिन्न नदी-तालाब घाटों, नगरीय क्षेत्रों, गांवों और कस्बों में हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीयों के प्रज्ज्वलन ने घाटों के वातावरण को उत्सवमय बना दिया वहीं जनभागीदारी से सेवा-संकल्प अभियान का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा।
*बैजाताल पर दीयों की रोशनी और देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने रचा मनोहारी दृश्य*
जिला मुख्यालय पर बैजाताल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। गुरुवार को अपरान्ह से ही लगातार हो रही रिमझिम बारिश के बीच सांध्य बेला में बैजाताल के चारों ओर बनीं छतरियों में सांसद भारत सिंह कुशवाह, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया व जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता समेत अन्य जप्रतिनिधिगणों ने आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित किए। साथ ही कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने भी दीप प्रज्ज्वलित किए। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में राजू पलैया व दीपक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित अन्य अधिकारियों एवं सेवाभावी नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सहयोग और समाज के जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े रहने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
*जिले के नगरीय क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह, दीयों से रोशन हुए घाट*
कार्यक्रम का उत्साह केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में भी नागरिकों ने स्वेच्छा से “आशीर्वाद का दीया” प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। नगर पालिका डबरा के सभी वार्डों तथा सिंध नदी घाट भगवान शंकर महादेव मंदिर, नगर पंचायत पिछोर, बिलौआ, आंतरी, मोहना में पार्वती नदी घाट तथा भितरवार में दिहादाह घाट पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
*ग्राम पंचायतों में भी जले सेवा-संकल्प के दीप*
इसी क्रम में जनपद पंचायत मुरार के बेसली नदी सिरसौद, घाटीगांव के चौरसिया तालाब बरई, डबरा के मकोड़ा तालाब तथा भितरवार में धूमेश्वर महादेव मंदिर के समीप नदी घाट पर भी आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित किए गए। जिले की ग्राम पंचायतों में भी दीप जलाकर ग्रामीणों ने सेवा-संकल्प अभियान में सहभागिता की।
*दीयों की रोशनी में झलका सेवा और संवेदना का संकल्प*
शाम ढलते ही जब नदी और तालाबों के घाट दीपों की रोशनी से जगमगाए तो यह दृश्य केवल प्रकाश का उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और जनभागीदारी के संकल्प का प्रतीक बन गया। सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने भी अपने घरों में भी आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित किए । इस दौरान नागरिकों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सेवा-संकल्प अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
