सतना: आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बुधवार को संपत्तिकर वसूली की समीक्षा बैठक लेकर प्रगति का जायजा लिया। अब तक की संपत्तिकर वसूली अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और वसूली कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने 50 हजार रुपये से अधिक के संपत्तिकर बकायादारों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे बकायादारों से बकाया राशि की सख्ती से वसूली करने तथा संपत्तिकर जमा नहीं करने की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने अधिकारी-कर्मचारियों से निर्धारित लक्ष्य और अब तक की वसूली की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक निर्धारित वसूली लक्ष्य पूरा किया जाए। लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
आयुक्त ने संपत्तिकर अमले को बकायादारों से नियमित संपर्क करने, क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने तथा वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
