श्रीगंगानगर, 16 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का फोन-पे हैक करके उसकी भविष्य निधि के चार लाख 57 हजार रुपये निकाल लिये। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि श्रीकरणपुर रोड़ निवासी किशनलाल नायक राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, फलौदी से 31 मई को सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी भविष्य निधि राशि भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया श्रीगंगानगर शाखा में जमा हुई थी।
ठगों ने उनके फोन-पे को हैक करके चार से 10 सितंबर के बीच छह बार में कुल चार लाख 57 हजार रुपये निकाल लिए। सभी लेनदेन के समय पीड़ित के मोबाइल पर ओटीपी तक नहीं आया। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब उनकी किस्त नहीं कटी। दरअसल उन्होंने एचडीएफसी बैंक से होम लोन ले रखा है। हर महीने पांच तारीख को किस्त अपने आप कट जाती है। 13 सितंबर तक किस्त नहीं कटी तो बैंक की ओर से ड्यू मैसेज आया। तब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामला दर्ज कराया।

