रक्षा बलों के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी

नई दिल्ली 26 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्रालय ने तीनों सेनाओं के लिए करीब 2.12 लाख करोड़ रुपए की रक्षा खरीद के प्रस्तावों को सोमवार को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी जिनमें आधुनिक तोप प्रणाली, हल्के बहुउद्देशीय हेलीकॉप्टर, वायु रक्षा प्रणाली और निगरानी तथा हमले में सक्षम ड्रोन सहित कई उपकरणों की खरीद शामिल है। कुल प्रस्तावित खरीद में करीब 82 प्रतिशत खरीद भारतीय उद्योगों से की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) की बैठक में इन खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। इन प्रस्तावों में सेना के लिए उच्च गतिशीलता वाले वाहन, गन शॉट रिस्पांस सिस्टम, मानवरहित हवाई प्रणालियों का मुकाबला करने वाली प्रणाली, लंबी दूरी के निगरानी ड्रोन, एकीकृत निगरानी एवं हमला प्रणाली और लंबी दूरी की कामिकाजे ड्रोन प्रणाली की खरीद भी शामिल है।

उच्च गतिशीलता वाले वाहन कठिन इलाकों में सेना की आवाजाही और रसद व्यवस्था को बेहतर बनाएंगे। स्वचालित चलित ट्रैक आधारित तोप प्रणाली से मशीनीकृत सैन्य टुकड़ियों को उनकी जरूरत के अनुरूप गतिशीलता और मारक क्षमता मिलेगी। गन शॉट रिस्पांस सिस्टम सैनिकों को वास्तविक समय में स्थिति की जानकारी देने में मदद करेगा। हल्के बहुउद्देशीय हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल सेना और वायु सेना टोही, निगरानी, युद्ध, तलाशी एवं बचाव तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में करेंगी।

बहुत कम दूरी की वायु रक्षा प्रणाली छोटे आकार के नई पीढ़ी के हवाई खतरों से निपटेगी, जबकि मानवरहित हवाई प्रणालियों का मुकाबला करने वाली प्रणाली आधुनिक युद्धक्षेत्र में टैंकों की सुरक्षा बढ़ाएगी। निगरानी और ड्रोन प्रणालियों से सेना की निगरानी तथा लक्ष्य पर निशाना साधने की क्षमता बढ़ेगी। नौसेना के लिए एक्टिव ऑफबोर्ड डिकॉय सिस्टम (एओडीएस) और अन्य प्रमुख नौसैनिक प्लेटफॉर्म की खरीद को मंजूरी दी गई। एओडीएस पोत-रोधी मिसाइलों के खिलाफ मिसाइल रक्षा की मजबूती बढ़ाएगी।

स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित किए जाने वाले प्रमुख नौसैनिक प्लेटफॉर्म आधुनिक युद्ध की जरूरतों के अनुरूप होंगे और नौसेना की युद्ध क्षमता बढ़ाएंगे। वायु सेना के लिए हेलीकॉप्टर, वायु रक्षा प्रणाली, हथियार और मोबाइल एक्स-बैंड डॉप्लर मौसम रडार प्रणाली की खरीद को मंजूरी दी गई।

विशेष उपयोग वाले हेलीकॉप्टर वायु सेना की महत्वपूर्ण हवाई परिवहन जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगे। वहीं, एक्स-बैंड डॉप्लर मौसम रडार प्रणाली अग्रिम क्षेत्रों में स्थानीय मौसम की उच्च-स्तरीय निगरानी उपलब्ध कराएगी। इन खरीद प्रस्तावों का उद्देश्य रक्षा बलों की वायु रक्षा और युद्ध क्षमता को मजबूत करना है।

.....

Next Post

रेखा गुप्ता ने सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया

Mon Oct 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहां सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये। श्रीमती गुप्ता ने घाट परिसर में साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, पानी […]

You May Like