इंदौर: लोहे की रॉड काटते समय ग्राइंडर कटर से गर्दन कटने से गंभीर रूप से घायल युवक की एमवाय हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर जान बचा ली. 14 दिन के इलाज के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर परिजनों के साथ घर रवाना हो गया.घटना 17 जनवरी की है, जब गोकुल नगर में रहने वाले &8 वर्षीय सोहन पिता पन्नालाल घर पर ग्राइंडर से लोहे की रॉड काट रहे थे.
इसी दौरान कटर फिसलने से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई. हादसे में श्वांस और आहार नली भी क्षतिग्रस्त हो गई थी. परिजन उसे गंभीर हालत में एमवाय हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. मरीज की हालत नाजुक होने पर आपातकालीन सेवाओं के तहत सर्जरी विभाग के डॉ. सुदर्शन ओड़िया के मार्गदर्शन में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन किया. सर्जरी के दौरान सांस और आहार नली को सफलतापूर्वक दोबारा जोड़ा गया.
पांच दिन तक गहन चिकित्सा विभाग में चला इलाज
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घंघोरिया ने बताया कि मरीज को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था. सांस लेने में भारी परेशानी को देखते हुए कुछ दिनों के लिए अलग रास्ता बनाकर आईसीयू में शिफ्ट किया था, जहां पांच दिन तक गहन चिकित्सा विभाग में इलाज चला.
इस दौरान पांच यूनिट रक्त चढ़ाया, बाद में मरीज को वार्ड में शिफ्ट कर मुंह से आहार देना शुरू किया. इलाज के 10 दिन बाद मरीज की सांस की नली भी हटा दी. अब उसकी आवाज पहले की तरह सामान्य हो गई है. पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद सोहन को शनिवार &1 जनवरी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया.
