पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिज़ाज, कई जिलों में बारिश

लखनऊ, 16 मार्च (वार्ता) पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरी पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पश्चिमी और पूर्वी हवाओं के बीच परस्पर क्रिया हुई है। इसके चलते शनिवार रात से प्रदेश के उत्तरी तराई क्षेत्र और उससे सटे मध्य जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। मेरठ में 2.9 मिमी बारिश हुई, जबकि बरेली में 2.5 मिमी, मुरादाबाद में 1.2 मिमी और बहराइच में 0.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान ने गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने के साथ मध्यम गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

विभाग ने पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका व्यक्त की गई है। लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5.6 डिग्री अधिक है।

अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। इटावा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है। फतेहगढ़ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक है। बस्ती में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है। आगरा में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। वहीं बलिया में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 16 मार्च तक मौजूदा मौसम प्रणाली सक्रिय रह सकती है। इसके बाद 17 और 18 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। हालांकि 19 मार्च से एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश का नया दौर शुरू होकर 21 मार्च तक पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है।

इस बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए ज़मीनी दौरे करने के निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा है कि नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को समय पर मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।

 

 

Next Post

महाकाल की नगरी उज्जैन से गूंजेगा गीता का ज्ञान

Mon Mar 16 , 2026
उज्जैन: भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली एवं भगवान महाकाल की पावन नगरी उज्जैन अब गीता के ज्ञान का एक नया केंद्र बनने जा रही है. यहाँ बनने वाला भव्य गीता भवन भारतीय दर्शन, अध्यात्म और संस्कृति के प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहाँ श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को नई पीढ़ी तक […]

You May Like