उज्जैन: भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली एवं भगवान महाकाल की पावन नगरी उज्जैन अब गीता के ज्ञान का एक नया केंद्र बनने जा रही है. यहाँ बनने वाला भव्य गीता भवन भारतीय दर्शन, अध्यात्म और संस्कृति के प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहाँ श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा.
शहर के शिप्रा विहार क्षेत्र में बनने वाले इस गीता भवन का भूमि पूजन 17 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा. इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी उज्जैन आएंगे और सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा गीता भवन
उज्जैन में बनने वाला गीता भवन एक अत्याधुनिक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र होगा. पूर्व में शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के समीप इसे बनाया जा रहा था. अब स्थान बदला गया है. ये तीन मंजिला इमारत होगी. लगभग 1200 से 1250 लोगों की क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम से सुसज्जित होगी. यहाँ धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बौद्धिक संगोष्ठियाँ आयोजित की जा सकेंगी.
ई लाइब्रेरी भी होगी
भवन में समृद्ध पुस्तकालय और हाई-टेक ई-लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी, जहाँ भगवद्गीता और भारतीय दर्शन से जुड़ा साहित्य उपलब्ध रहेगा. इसके अलावा कैफेटेरिया, रिफ्रेशमेंट सेंटर, पार्किंग और आध्यात्मिक साहित्य के विक्रय केंद्र जैसी सुविधाएँ भी विकसित की जाएंगी. इस परियोजना को अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है और इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है.
प्रदेशभर में बनेंगे ऐसे गीता भवन
मध्यप्रदेश सरकार की योजना प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में इसी तरह के गीता भवन स्थापित करने की है, ताकि युवाओं को भारत की दार्शनिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ा जा सके. उज्जैन, इंदौर और जबलपुर के मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा.
कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, पेयजल और अतिथियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल होंगे, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें. निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
