
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में एक विद्यार्थी को नकल करते हुए कलेक्टर द्वारा गठित किए गए एसडीएम कुण्डम दल ने निरीक्षण के दौरान पकड़ कर नकल प्रकरण बनाया। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार विज्ञान विषय लेने वाले विद्यार्थियों का शुक्रवार को भौतिक विषय का पेपर , कॉमर्स लेने वाले विद्यार्थियों का अर्थशास्त्र और अन्य इतिहास, विज्ञान के तत्व का पेपर था। पेपर के दौरान एसडीएम कुण्डम दल द्वारा शा. उ. मा. वि. पड़रिया में निरीक्षण के दौरान रोल नंबर 711064 विद्यार्थी नकल करते हुए पाया गया, जिसका नकल प्रकरण तैयार कर मंडल में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में चल रही बोर्ड परीक्षा को लेकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा अनुभाग स्तर, जिला स्तर तथा विकासखण्ड स्तर पर निरीक्षण दलों (फ्लाइंग स्क्वाड) का गठन किया है। अनुभाग स्तर पर गठित फ्लाइंग स्क्वाड की कमान संबंधित अनुभाग के एसडीएम को सौंपी गई है। वहीं, जिले में स्थित सभी परीक्षा केंद्रों के आकस्मिक निरीक्षण के लिये जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया है।
176 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
सहायक संचालक आर के बधान ने बताया कि बारहवीं की यह परीक्षा जिले के 99 केंद्रों में आयोजित हुई, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के मिलाकर कुल 15809 विद्यार्थी शामिल होने वाले थे लेकिन 15633 विद्यार्थियों ने ही यह परीक्षा दी है, जबकि 176 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित थे।
उर्दू के पेपर के साथ शुरू हुई दसवीं की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शुक्रवार से दसवीं कक्षा की परीक्षाएं उर्दू के पेपर के साथ शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार दसवीं कक्षा में उर्दू विषय लेने वाले 871 विद्यार्थियों में से 861 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी, जबकि 10 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित थे। यह परीक्षा कुल 12 केंद्रों पर आयोजित की गई।
