दमोह में रूह कंपा देने वाली वारदात: तांत्रिक बनने के जुनून में किशोर की हत्या कर मांस खाने लगा नरपिशाच

दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समीप कटनी मार्ग स्थित ग्राम समन्ना में गुरुवार 5 मार्च की दोपहर एक ऐसी भयावह घटना सामने आई जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया. भाईदूज का टीका लगवाने अपनी बहन के घर जा रहे 16 वर्षीय किशोर की गांव के ही एक व्यक्ति ने बेरहमी से हत्या कर दी. घटना की क्रूरता और आरोपी की वीभत्स हरकतों ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक भरत विश्वकर्मा 16 वर्ष इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव का निवासी था.वह भाईदूज के अवसर पर अपनी बहन के घर टीका लगवाने जा रहा था. इसी दौरान समन्ना गांव के पास गांव के ही रहने वाले गुड्डा पटेल ने उस पर अचानक हमला कर दिया.बताया जाता है कि आरोपी ने हथोड़े से ताबड़तोड़ वार कर भरत की मौके पर ही निर्मम हत्या कर दी.घटना के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने वहां मौजूद लोगों को सिहरने पर मजबूर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हत्या करने के बाद आरोपी शव के पास बैठ गया और बेहद वीभत्स हरकतें करने लगा.बताया जा रहा है कि वह मृतक की खोपड़ी से बह रहे खून को पीने लगा और शव के टुकड़े कर मांस खाकर जेब में भी रख लिया.यह भयावह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाते हुए आरोपी को रोकने की कोशिश की और उस पर पत्थर फेंके. इसके बाद आरोपी हाथ में हथौड़ा लेकर पास के खेतों की ओर भाग निकला. घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई और सरपंच प्रतिनिधि निखिल सोनू ठाकुर और ग्रामीणों ने भी आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी.सूचना मिलने के बाद सीएसपी एचआर पांडे, टीआई अमित गौतम, सब इंस्पेक्टर रोहित द्विवेदी, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, सागर चौकी प्रभारी सागर नाका विक्रम दांगी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खेतों में चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया.बताया जाता है कि इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश की.हालांकि जब उसके हाथ से हथियार छूट गया, तब ग्रामीणों ने पथराव कर उसे काबू में कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि मृतक भरत विश्वकर्मा इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव का निवासी था और अपनी बहन के घर जा रहा था. आरोपी गुड्डा उर्फ प्रहलाद पटेल पिता रामनाथ पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका है. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह कई बार अजीब व्यवहार करता रहा है.पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.इस हृदयविदारक और सनसनीखेज घटना ने न केवल समन्ना गांव बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है. गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.

*तांत्रिक बनने का शौक है*

ग्रामीणों ने बताया कि इस व्यक्ति को तांत्रिक बनने का शौक है, बहुत पहले से यह पूर्व में गांव में कोई भी व्यक्ति खत्म होता था, तो रात को उसकी अस्थियां ले आता था व तांत्रिक बनने के शोक में उसने अपनी पत्नी का गला काट दिया था. कुल्हाड़ी से बलि देने के लिए और अभी उसने फिर यह घटना की, सिर फोड़ कर उसने मांस खाया, खून पिया व कुछ मांस उसने जेब में भी रख लिया था.

Next Post

अमेरिका द्वारा गिराये समुद्री जहाज के मामले में भारत को लेना चाहिए कोई स्टैंड: पायलट

Thu Mar 5 , 2026
जयपुर 05 मार्च (वार्ता) राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंती सचिन पायलट ने ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध पर जल्द विराम लगने की उम्मीद करते हुए कहा है कि पूरी दुनिया में भारत की स्थिति हमेशा एक समझदार संजीदा और एक परिपक्व राष्ट्र की रही है लेकिन अमेरिका के द्वारा हमारे तटीय […]

You May Like