गुना: सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत निचला बाजार स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक धनिया व्यापारी की आंखों में मिर्च या केमिकल स्प्रे झोंककर दिनदहाड़े 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इस बड़ी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी सामने आई है कि मूलतः राजस्थान के बीकानेर निवासी व्यापारी वासुदेव शर्मा गुना के चौधरी मोहल्ला में किराए से रहते हैं। वे अपने दो अन्य पार्टनरों के साथ मिलकर जिले में धनिया का व्यापार करते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वे अपने पार्टनर व्यापारियों को भुगतान करने के लिए 17 लाख रुपये नकद लेकर कुंभराज जाने के लिए निकले थे।
व्यापारी वासुदेव जैसे ही निचला बाजार शीतला माता मंदिर रोड के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी की आंखों में कोई अज्ञात स्प्रे डाल दिया। आंखों में जलन होने के बावजूद व्यापारी वासुदेव ने हिम्मत नहीं हारी और लगभग 7 मिनट तक बदमाशों से अकेले लोहा लिया और अपना बैग बचाने का पूरा प्रयास किया। लेकिन अंततः बदमाश उनके हाथ से 17 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहे।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना टीआई राजकुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इतनी बड़ी रकम की लूट को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
