नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहां सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये।
श्रीमती गुप्ता ने घाट परिसर में साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और शौचालयों सहित सभी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को केवल अस्थायी तौर पर ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत करायी जाये। घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई और रंग-रोगन कर इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर भी जोर दिया। प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने पानी की व्यवस्था में कमियां मिलने पर अधिकारियों से जवाब मांगा और पानी के कनेक्शन की जांच कर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा। शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई तथा तत्काल साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी सुविधाएं वास्तविक रूप से चालू और उपयोग के योग्य होनी चाहिए, ताकि छठ व्रतियों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों और उन्हें पूरा करने की समयसीमा की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली जानी चाहिए। साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था, भावनाओं और अपनी मिट्टी से जुड़े संस्कारों का महत्वपूर्ण उत्सव है। हर व्रती को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर व्रती की श्रद्धा का सम्मान और हर परिवार की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी है।

