
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर उस समय अचानक अखाड़ा के मैदान में तब्दील हो गया, जब जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं दो महिलाएं किसी बात पर आपस में ही भिड़ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच का विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों महिलाएं अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए जनसुनवाई कतार के आसपास खड़ी थीं। इसी बीच उनके बीच किसी पुरानी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद चंद मिनटों में इतना बढ़ गया कि दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और ताबड़तोड़ लात-घूंसों की बरसात कर दी। परिसर में मौजूद अन्य फरियादी और पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते, दोनों महिलाएं एक-दूसरे को पीटते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। जनसुनवाई में अचानक हुई इस मारपीट से मौके पर हड़कंप मच गया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को अलग किया और बीच-बचाव किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस दोनों महिलाओं को तुरंत पुलिस वाहन में बैठाकर सिविल लाइन थाने ले गई। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सोशल मीडिया पर झोटापकड़ का वीडियो वायरल
एसपी ऑफिस में हुई इस सरेआम मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है, जिसमें दोनों महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचकर मारपीट करती नजर आ रही हैं। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और ताबड़तोड़ लात-घूंसों की बरसात कर दी।
वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया, जनसुनवाई के दौरान दो महिलाओं के बीच अचानक टकराव की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद दोनों ने आपस में मारपीट की। पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया है। फिलहाल सिविल लाइन थाने में दोनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। विवाद की मुख्य वजह और मामला पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद कानून के मुताबिक आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
