नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को लम्बी बीमारी के बाद देहरादून में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक, सैन्य और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है। श्री राधाकृष्णन ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेजर जनरल खंडूरी के निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण चतुर्भुज और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यक्रम के माध्यम से भारत की सड़क अवसंरचना को रूपांतरित करने में खंडूरी का दूरदर्शी योगदान देश के विकास पथ में एक मील का पत्थर बना रहेगा। उपराष्ट्रपति ने देहरादून यात्रा के दौरान दिवंगत नेता से हुई अपनी हाल की मुलाकात को याद करते हुए लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में उनके साथ बिताए समय को भी स्मरण किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार, असंख्य प्रशंसकों और उत्तराखंड के लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
श्री मोदी ने मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सशस्त्र बलों से लेकर राजनीतिक जगत तक विभिन्न क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में खंडूरी उत्तराखंड के विकास के लिए हमेशा समर्पित रहे और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रेरणादायक रहा। उन्होंने देशभर में संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खंडूरी के अथक प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) के निधन से उन्हें अत्यंत दुख हुआ है तथा उन्होंने देश और उत्तराखंड के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।
श्री गडकरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में रहते हुए खंडूरी ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की और इस क्षेत्र में स्थायी योगदान दिया। गडकरी ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी संगठन को भी मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
श्री धामी ने कहा कि खंडूरी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि खंडूरी की सादगी, स्पष्टवादिता और कार्यकुशलता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी तथा उनका निधन न केवल उत्तराखंड बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

