नकली खाद: दुकान संचालक, ऑटो चालक पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने नकली खाद बेचने के मामले में दुकान संचालक समेत ऑटो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगेला निवासी 40 वर्षीय किसान भोला प्रसाद कुम्हार ने अपनी फसलों में डालने के लिए बेलखाडू की पटेल फर्टिलाइजर दुकान से डीएपी खाद ऑर्डर की थी। खाद की कुल 20 बोरियां, 2200 प्रति बोरी की दर से, एक ऑटो के जरिए किसान के खेत पर बने मकान के पास पहुंचाई गईं। खाद की डिलीवरी लेते समय किसान भोला प्रसाद को उसके रंग-रूप पर कुछ संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत खाद की शुद्धता जांचने के लिए दो घरेलू प्रयोग किए। खाद के कुछ दानों को पानी में डाला गया, लेकिन वह पानी में घुली नहीं और पत्थर की तरह नीचे बैठ गई। खाद को आग पर रखकर जलाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं जली।

खाद के नकली होने का अंदेशा होते ही किसान ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ग्राम मंगेला में आंगनवाड़ी भवन के सामने स्थित मौके पर पहुंची। वहाँ आटो क्रमांक एमपी 51 टी 0297 में 20 बोरी उर्वरक लोड पाया गया। पुलिस ने जब ऑटो चालक महेश प्रधान 60 वर्ष, निवासी ग्राम मोहास, थाना कटंगी से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि वह यह खाद बेलखाडू स्थित पटेल फर्टिलाइजर से लोड करके लाया था। पुलिस ने ऑटो और खाद को जब्त कर लिया। पुलिस ने खाद का सैंपल निकाला और जांच के लिए वरिष्ठ कृषि अधिकारी को पत्र भेजा। कृषि विभाग की प्रयोगशाला में जांच हुई तो रिपोर्ट अमानक आई। जिसके बाद पुलिस ने अब ऑटो चालक महेश प्रधान और पटेल फर्टिलाइजर के संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

दो वर्षों से नहीं मिली हम्मालों को मजदूरी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Tue Sep 15 , 2026
दमोह। तेंदूखेड़ा नगर में दो वर्ष से शासकीय खरीदी केन्द्रों में मजदूर खरीदी के दौरान किसानों के गेहूं धान, सरसों, मूंग, उड़द की तुलाई सफाई बोरियों, से खाद्यान उतारना लादना, सहित ट्रकों में मॉल चढ़ाने का कार्य करते हैं लेकिन मजदूरों को उनकी मेहनत की मजदूरी जो लाखों रुपए होती […]

You May Like