
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को गौरीघाट पहुंचकर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने अभियान को लेकर शहर के 10 आइकॉनिक जगह पर लाइटिंग लगाने, गौरीघाट के कार्यक्रम में क्लब, छात्रावास के बच्चों की भी सहभागिता करने की बात कही। भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों की बुलाने, गौरीघाट क्षेत्र के आसपास सभी घरों में दिए जलाने के लिए प्रेरित करने तथा क्षेत्र के व्यापारियों से लाइटिंग करने पर चर्चा की।
ज्ञात हो कि राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक एक माह का विशेष सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन से होगा। इस अवसर पर गौरीघाट में 1 लाख 11 हजार एक सौ ग्यारह दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस आयोजन को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए संपूर्ण गौरीघाट को 50 सेक्टर में बांटा गया है, जहां प्रत्येक सेक्टर में 2- 2 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम के लिए 10 विभागों को 5-5 सेक्टर में दीप प्रज्वलन का संपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। निरीक्षण के दौरान जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन,गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह, कार्यक्रम प्रभारी एवं नगर निगम उपायुक्त संभव अयाची सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
तैयारियों की समीक्षा, जिम्मेदारियां हुई तय
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया कि कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय पर सामग्री प्राप्त करने और अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए।बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
