सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर ने वैज्ञानिक शोध को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए अपनाया सरल एआई

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) वैज्ञानिक अनुसंधान को शोध समुदाय से आगे आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से सीएसआईआर-राष्ट्रीय विज्ञान संचार और नीति अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर) ने सरल एआई का उपयोग शुरू किया है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) की इस पहल के तहत पत्रिकाओं में प्रकाशित शोध पत्रों को आकर्षक और सुलभ लघु वीडियो में बदला जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों और आम लोगों के लिए जटिल वैज्ञानिक शोध को समझना, खोजना और साझा करना आसान बनाना है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा संस्थानों को सरल एआई जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किये जाने के बीच सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। संस्थान की निदेशक डॉ. गीता वाणी रायसम के नेतृत्व में विज्ञान संचार की पहुंच और प्रभाव बढ़ाने के लिए नयी तकनीकों तथा डिजिटल प्लेटफार्मों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में सरल एआई पर व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की गयी, जिसमें पत्रिकाओं के संपादकों और शोधकर्ताओं समेत 90 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
डॉ. गीता वाणी रायसम ने कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान का महत्व तब और बढ़ जाता है, जब वह शोध समुदाय से आगे बढ़कर आम लोगों के लिए उपलब्ध होता है। सरल एआई जैसी नयी तकनीकों को अपनाकर सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर भारतीय शोध को अधिक सुलभ बनाने और व्यापक एवं विविध दर्शकों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहा है। इस तरह के प्रयास विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रभावी संचार को मजबूत करने में मदद करेंगे।
एएनआरएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शिवकुमार कल्याणरमन ने एनआईएससीपीआर के दौरे के दौरान प्रकाशित शोध पत्रों से लघु वीडियो बनाने वाले सरल एआई उपकरण की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान को जटिल वैज्ञानिक अनुसंधान को सरल बनाने और आम जनता तक पहुंचाने के लिए इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान का कार्य प्रकाशन के साथ समाप्त नहीं होना चाहिए। सरल एआई जैसे उपकरण शोधकर्ताओं और संस्थानों को अपने काम को शोध पत्रों से आगे ले जाने, अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और भारतीय अनुसंधान के प्रभाव को बढ़ाने में सहायता कर सकते हैं।

.....

Next Post

रील के चक्कर में थार में लहराई थी पिस्तौल, चाकू, पुलिस ने दबोचा

Tue Sep 15 , 2026
जबलपुर। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बटोरने के चक्कर में कानून की धज्जियां उड़ाना एक युवक को भारी पड़ गया। अधारताल पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील पर कार्रवाई करते हुए चलती थार कार में हथियार लहराने वाले 18 वर्षीय अमन सचदेवा (18) निवासी आलोक नगर […]

You May Like