गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के साथ विराजे गणपति

सीधी। गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के साथ आज जगह-जगह गणपति विराजे। आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिले में शहर सहित ग्रामीण अंचलों में जगह-जगह पण्डालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान की गई। शहर के गांधी चौक में गल्ला मंडी के राजा भगवान श्री गणेश की विशाल प्रतिमा की स्थापना गाजे-बाजे के साथ वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच बीती रात से शुरू हो गया था। साथ ही सोनांचल बस स्टैण्ड के सामने गणेश जी भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। वहीं घरों में विराजित करने के लिए लोगों में अब इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा की मांग बढ़ गई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक प्रतिमाएं स्थापित की जा रही है। कई प्रतिमाएं आज ही स्थापित हो गई है तो कुछ मुहूर्त के अनुसार स्थापित होने वाली हैं। भगवान गणेश की स्थापना के लिए गणेश चतुर्थी का पर्व सोमवार को शुभ मुहूर्त में शुरू हो चुका है। भगवान श्री गणेश को विराजित करने के लिए घरों और मंदिरों के साथ ही सार्वजनिक गणेशोत्सव के लिए भी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बाजारों में गणपति बप्पा की मूर्तियां स्थापित होने लगी हैं। पंडालों में रखी जाने वाली 5 से 11 फीट की प्रतिमाओं को बुकिंग के हिसाब से तैयार हो चुकी हैं। इनकी बुकिंग कई दिन पहले ही करा दी गई थी। बड़ी प्रतिमाओं की डिलेवरी भी गोदाम से हो रही है। ज्यादा बड़ी प्रतिमाओ की मांग नहीं रही है। बाजार में इस बार ईको-फ्रेंडली भगवान गणेश की प्रतिमा की मांग सबसे अधिक है। शहर की गणेश प्रतिमा की दुकानों पर मिट्टी की प्रतिमाओं के दाम अधिक है। वैसे इस बार मिट्टी की प्रतिमाओं की कीमत 1000 रूपए लेकर बड़ी प्रतिमा 12-15 हजार रूपए तक है। हालांकि घरों में विराजित करने वाली प्रतिमाएं छोटी अधिकतम 2 से 3 फीट तक होती है। इससे बड़ी प्रतिमाएं पंडालों में विराजित की जाती है। शहर में प्रतिमा बनाने वाले स्थानीय कारीगरों के अलावा बंगाल के भी आए हुए हैं। इनके द्वारा गणेश प्रतिमाओं के बाद दुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण भी करने की तैयारी है।

ग्रामीण अंचलों में भी गणपत्ति बप्पा की धूम

जिले के कस्बाई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। गणेश चतुर्थी पर आज भक्तों द्वारा गणेश प्रतिमाओं की स्थापना पंडालों के साथ ही अपने घरों में भी की गई है। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के बाद भक्तगण सुबह से लेकर देर शाम तक गणेश की आराधना में लीन रहेंगे। कई घरों में स्थापित प्रतिमाओं के लिए पुरोहित की व्यवस्था भी बनाई गई है जिससे वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक कार्यों का आयोजन किया जा सके। पंडालों में विराजे गणपति बप्पा की आराधना में गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय भक्तगण लगे हुए हैं। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं जिससे गणेशोत्सव के दौरान गणपति बप्पा मोरया की आराधना में सुविधा रहे। सुबह एवं शाम को गणेश प्रतिमा स्थलों में भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ आज पहले दिन से ही उमडऩा शुरू हो गई है। गणपति बप्पा की आराधना के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है। बताते चले कि सीधी जिले में गणेशोत्सव का आयोजन शहरी क्षेत्रों से ही करीब 25 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। धीरे-धीरे इसका फैलाव कस्बाई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हो चुका है। कई कस्बों में भी गणपति बप्पा मोरया की प्रतिमा आज से स्थापित की जा रही है। साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी कई भक्तों द्वारा गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। चर्चा के दौरान कई भक्तों ने कहा कि हर वर्ष गणेशोत्सव के दौरान 10 दिनों तक भक्तगण गजानन की आराधना में पूरी आस्था के साथ लीन रहते हैं।

Next Post

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने मध्यावधि चुनाव में डाक मतपत्र संबंधी विवादित योजना खारिज की

Tue Sep 15 , 2026
वाशिंगटन, 15 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की देशभर में मतदाताओं को डाक मतपत्र भेजने की प्रक्रिया में बदलाव की विवादास्पद योजना को खारिज कर दिया। यह फैसला इस साल होने वाले मध्यावधि चुनावों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव अधिकारियों […]

You May Like