नयी दिल्ली 14 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक कल्याण सेवा के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर उनके जन्मदिन गुरुवार से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान – जनसेवा ही प्रभु सेवा’ अभियान चलाने और विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह को इस अभियान का संयोजक बनाया गया है। वहीं, श्रीमती ॠचा पांडेय, श्री मनोज कुमार, श्री अभिषेक टंडन, सरदार राजा इकबाल सिंह, श्री दिव्य जयसवाल, श्री आजाद सिंह अलग अलग संसदीय क्षेत्र का सेवा कार्य देखेंगे। इसके अलावा 12 संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संयोजक बनाया गया है। दिल्ली सरकार की ओर से श्रीमती गुप्ता के मार्गदर्शन में मंत्री कपिल मिश्रा नोडल मंत्री होंगे और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह तथा श्री आशीष सूद अपने विभागों से जुड़े कार्यक्रम देखेंगे।
इस मौके पर श्री मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंंत्री मोदी ने 2001 में वाइब्रेंट गुजरात के शिल्पकार के रूप में विकास की जो नींव रखी, वही आज विकसित भारत 2047 का संकल्प बन चुकी है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक श्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास को जीवन मंत्र बनाया। पिछले 11 वर्षों में उन्होंने गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान, पीएम आवास से अंतिम व्यक्ति को सशक्त किया। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया से भारत को दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया है।
जी-20 की मेजबानी से लेकर ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता तक श्री मोदी ने विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी केवल राजनेता नहीं, वे विकास पुरूष हैं जिन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना से 25 वर्षों तक बिना रुके सेवा की है और आगे भी जारी रहेगी। दिल्ली भाजपा उनके इस सेवा संकल्प को सेवा से मनाएगी। श्री मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली भाजपा 17 सितम्बर को 14 संगठनात्मक जिलों में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन करेगी, जिसका लक्ष्य है 2500 यूनिट रक्त एकत्र कर स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद पहुंचाना है। वहीं, लगभग 1.28 लाख लाभार्थी घरों में दीये जगाये जायेंगे, कुल सात लाख 80 हजार दीये जगाने का लक्ष्य जिसमें से 14000 दीये दिल्ली के 140 एतिहासिक स्थलों पर जगाये जायेंगे। सभी विधायक कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे
उन्होंने बताया कि सेवा चित्र अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत (सेवा चित्र चित्रण) 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक 4500 स्कूलों में पांच लाख विद्यार्थियों के बीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेवा की कहानी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10 वीडियो योजना लाभार्थियों के जारी होंगे। इसके साथ ही 25 सितम्बर से सात अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा अभियान के तहत 4095 आंगनवाड़ी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद और अभिनंदन किया जाएगा।
श्री मल्होत्रा ने बताया कि सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक 2500 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। संगठन कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के बड़े यमुना सफाई अभियान में भी भागीदारी करेंगे। सेवा के रंग राष्ट्र के संग : प्रदेश, जिला एवं मंडल एतिहासिक स्थलों और बाजारों में रंगोली बनायेंगे। वहीं, सेवा ज्योति कलश यात्रा के तहत सात अक्टूबर को सभी 14 जिलों में सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प निकाली जायेगी।
उन्होंने बताया कि वडनगर से वाराणसी तक अभियान के तहत 15 सितम्बर को दिल्ली से 50 कार्यकर्ताओं की टोली वाराणासी जायेगी और 29 सितम्बर को वडनगर से गुजरात के 50 कार्यकर्ताओं की टोली दिल्ली आयेगी और उसका अभिनंदन होगा। इसके साथ ही नमो सेवा – अनकही कहानीयां अभियान के तहत 18 सितम्बर से आठ अक्टूबर के मध्य 1280 स्थानों पर नमो सेवा कार्यों से जुड़े सेवा स्मरण नुक्कड नाटक होंगे। इसके अलावा सुशासन सेवा संवाद में सभी जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि श्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। अभियान के दौरान दिल्ली में लगभग 13,820 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार के शिविर में एक ही दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों के माध्यम से लगभग 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग दिल्ली में काम करने वाले श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान के दौरान श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा और उनके स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। श्रमिकों को सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए उनका पंजीकरण महत्वपूर्ण है। इस अभियान के माध्यम से श्रमिकों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रीमती गुप्ता ने अंगदान को जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक आधिकारिक मंच ‘स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन’ तैयार किया गया है। यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित व्यवस्था के अनुरूप बनाया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इस मंच का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिल्ली में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित बाल देखभाल केंद्रों में बच्चों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास, देखभाल और कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना दिल्ली और प्रत्येक भारतीय के लिए आस्था का प्रतीक है, इसलिए यमुना की सफाई दिल्ली सरकार के लिए केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। यमुना की सफाई से जुड़ी लगभग 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास सेवा संकल्प अभियान के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही यमुना की सफाई को लेकर बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यावरण विभाग द्वारा ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ के लक्ष्य के अंतर्गत दिल्ली में 70 लाख पेड़-पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इस लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें चित्रकला, भाषण और रील बनाने की प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। दिल्ली के लगभग 5,000 स्कूलों के पांच लाख विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें दिल्ली सरकार के स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूल, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और नगर निगम के विद्यालय भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों को भी जोड़ा जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपने विचार, कल्पना और विकसित भारत के अपने दृष्टिकोण को सामने रखने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। सभी विभागों की परियोजनाओं को मिलाकर सेवा संकल्प अभियान के दौरान लगभग 13,820 करोड़ रुपये के कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। श्रीमती गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता की ओर से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं और बधाई दी है। प्रधानमंत्री का आशीर्वाद दिल्ली के साथ इसी प्रकार बना रहे और वे स्वस्थ रहते हुए निरंतर देश की सेवा करते रहें।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकसित भारत के साथ विकसित दिल्ली के लक्ष्य को भी निरंतर आगे बढ़ाया है। पिछले 12 वर्षों में दिल्ली और इसके आसपास आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनसे राजधानी की परिवहन व्यवस्था, संपर्क सुविधाओं और विकास को नई गति मिली है। दिल्ली की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में कई महत्वपूर्ण मार्गों और एक्सप्रेसवे की भूमिका रही है। इनमें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, यूईआर-2 और पूर्वी और पश्चिमी परिधीय मार्ग प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कार्यकाल में दिल्ली के लिए स्वीकृत, चल रहे और प्रस्तावित आधारभूत ढांचा संबंधी कार्यों का कुल मूल्य 12 लाख 25 हजार करोड़ रुपये है। जेवर हवाई अड्डा, धौला कुआं सिग्नल-मुक्त मार्ग, क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली, दिल्ली मेट्रो का विस्तार तथा अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं में केंद्र सरकार का योगदान उल्लेखनीय रहा है। यशोभूमि और भारत मंडपम जैसे आधुनिक आयोजन स्थलों ने दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए सक्षम बनाया है। हाल में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन भी इसी आधुनिक आधारभूत ढांचे की क्षमता को दर्शाता है।
