इंडिगो के वैश्विक बिक्री प्रमुख ने दिया इस्तीफा

नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो के वैश्विक बिक्री प्रमुख विनय मल्होत्रा ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

एयरलाइंस ने आज शेयर बाजार को बताया कि उन्हें 03 जुलाई की शाम उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया जायेगा।

कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया को संबोधित अपने त्यागपत्र में श्री मल्होत्रा ने लिखा है कि वह विमानन उद्योग से बाहर सलाहकार की भूमिका में अपना करियर तलाश रहे हैं।

उन्होंने पिछले चार साल में अपने करियर के दौरान इंडिगो परिवार के साथ काम करने का मौका देने के लिए श्री भाटिया को धन्यवाद दिया और कहा कि वह 03 जुलाई तक नोटिस पीरियड में काम करते रहेंगे।

पिछले साल दिसंबर के पहले सप्ताह में इंडिगो के परिचालन में बड़े पैमाने पर व्यवधान के बाद कंपनी के उच्च प्रबंधन में यह दूसरा इस्तीफा है। इससे पहले, इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स ने मार्च में “निजी कारणों से” अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया था। अंतरिम व्यवस्था के तहत श्री भाटिया एयरलाइंस के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

श्री एल्बर्स सितंबर 2022 से कंपनी के सीईओ थे। दिसंबर के पहले सप्ताह में हजारों की संख्या में कंपनी की उड़ानें रद्द रही थीं जिससे लाखों यात्री प्रभावित हुए थे। देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर हजारों यात्री चेक-इन करने के बाद कई-कई घंटे तक फंसे रहे थे।

घरेलू यात्रियों की संख्या के लिहाज से इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से ऊपर है और वह इस समय देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी है।

 

Next Post

सारनी में भीषण गर्मी के बीच राहत: नगर पालिका ने 27 स्थानों पर शुरू किए सार्वजनिक प्याऊ

Mon May 4 , 2026
सारनी: नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए तीन स्थानों पर सार्वजनिक प्याउ प्रारंभ किए हैं। शुक्रवार 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर नपाध्यक्ष किशोर बरदे, पार्षदगणों और जनप्रतिनिधियों ने इनका शुभारंभ किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम ने बताया कि भीषण गर्मी […]

You May Like