ट्रंप ने आयरिश व्हिस्की पर शुल्क हटाने की घोषणा की

डबलिन, 14 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश आयरिश व्हिस्की पर लगाया गया शुल्क हटा देगा। श्री ट्रंप ने यह घोषणा आयरलैंड में आयरिश ओपन के समापन के मौके पर की , हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि शुल्क कब हटाया जायेगा। डूनबेग स्थित अपने गोल्फ रिसॉर्ट में ट्रॉफी प्रदान करने के लिए आयोजित समारोह में दर्शकों को संबोधित करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन और गोल्फर शेन लोरी समेत कई लोगों ने उनसे शुल्क पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, “हर कोई मुझसे लगातार इस बारे में कह रहा था।

वे कह रहे थे कि क्या आप मेरे लिए एक काम करेंगे? जो हो रहा है वह बहुत अनुचित है। क्या आप आयरिश व्हिस्की पर शुल्क हटा सकते हैं? और मैंने कहा कि अमेरिका की ओर से मैं आयरिश व्हिस्की पर शुल्क हटा दूंगा।” आयरिश ओपन जीतने वाले शेन लोरी भी उन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने श्री ट्रंप के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। उनकी घोषणा पर दर्शकों ने जोरदार तालियों और सीटियों के साथ प्रतिक्रिया दी। आयरिश व्हिस्की पर फिलहाल ट्रंप प्रशासन द्वारा यूरोपीय संघ से आयात होने वाले अधिकांश सामान पर लगाया गया मानक शुल्क लागू है। जुलाई में इसकी दर 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गयी थी।

आयरलैंड के उत्तर में स्थित उत्तरी आयरलैंड या ब्रिटेन के अन्य हिस्सों में उत्पादित व्हिस्की पर हालांकि इसी तरह का शुल्क लागू नहीं है। इस साल की शुरुआत में श्री ट्रंप द्वारा दी गयी रियायत के बाद इन पर शुल्क हटा दिया गया था। श्री ट्रंप ने अप्रैल में घोषणा की थी कि स्कॉच और उत्तरी आयरलैंड में उत्पादित स्पिरिट सहित ब्रिटेन की व्हिस्की पर कुछ शुल्क हटा दिये जाएंगे। आयरिश व्हिस्की एसोसिएशन ने मई में वाशिंगटन से शुल्क हटाने का आग्रह किया था। संगठन का तर्क था कि इससे अमेरिका में आयरिश व्हिस्की का वितरण करने वाले कारोबारों को मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को अधिक निश्चितता मिलेगी।

श्री ट्रंप ने इससे पहले ब्रिटेन को दी गयी शुल्क संबंधी रियायत को 30 अप्रैल को किंग चार्ल्स तृतीय और क्वीन कैमिला की व्हाइट हाउस यात्रा से जोड़ा था। उन्होंने आयरलैंड की अपनी दो दिवसीय यात्रा के समापन पर यह घोषणा की। उन्होंने शनिवार को डबलिन में श्री मार्टिन और आयरलैंड की राष्ट्रपति कैथरीन कॉनॉली से मुलाकात की थी, जिसके बाद वह डूनबेग स्थित अपने गोल्फ रिसॉर्ट गये।
यात्रा के दौरान श्री ट्रंप ने एकीकृत आयरलैंड के लिए अपना समर्थन भी दोहराया। उन्होंने कहा कि उत्तरी आयरलैंड और आयरलैंड गणराज्य को एक साथ लाना सभी समय की स्वाभाविक चीजों में से एक होगा। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ मेरी राय है और वैसे, बहुत से लोग इससे सहमत हैं।”

.....

Next Post

मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ‘परिक्रमा’ दमोह पुस्तक-विमर्श में होंगे सम्मिलित

Mon Sep 14 , 2026
दमोह। मप्र शासन के ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग के मंत्री और वरिष्ठ साहित्यकार प्रह्लाद सिंह पटेल की विशेष उपस्थिति में उनकी कृति परिक्रमा : कृपा सार पर साहित्यिक विमर्श का आयोजन 16 सितंबर 2026 को मानस भवन, दमोह में दोपहर 3 बजे से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है […]

You May Like