उज्जैन: सावन-भादौ की सवारी संपन्न होने के बाद अब प्रशासन का ध्यान वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों पर है. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने अधिकारियों संग बैठक कर प्रगति की समीक्षा की और कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि उज्जैन को आधुनिक और स्थायी स्वरूप देने का अवसर है.
सिंहस्थ के लिए शिप्रा किनारे 29 किलोमीटर लंबे स्थायी घाटों का निर्माण हो रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित स्नान और पूजा कर सकें. स्वच्छता बनाए रखने के लिए नए सीवरेज नेटवर्क का जाल बिछाया जा रहा है. इसके साथ ही उज्जैन में स्थायी कुंभ सिटी तैयार की जा रही है, जिसमें सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी.
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नए एयरपोर्ट का निर्माण भी तेज़ी से जारी है. वहीं सिंहस्थ 2028 को स्मार्ट इवेंट बनाने के लिए ई-डैशबोर्ड, ट्रैफिक कंट्रोल और लाइव मॉनिटरिंग जैसी डिजिटल व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं. कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन उज्जैन को धार्मिक और आधुनिक दोनों ही पहचान दिलाएगा.
